बंद कमरा

बंद कमरा

मकान के एक बंद कमरे को,
न करने से लगातार साफ,
पड़ जाते हैं उसमें जाले,
छत के कोनों, नल के नीचे और टाँड पर,
जम जाती है अनचाही धूल
फर्श, बिस्तर और किताबों पर,
बस जाती है सड़ांध
कपड़ों, अखबारों और दिवारों में,
घुस जाती है सीलन
कुर्सी, मेज और अलमारी में,
लग जाती है दीमक,
खिड़की, दरवाजों और चौखट में,
करने लगते हैं राज,
सरिसर्प, कीट और कृंतक
छा जाती है मनहूसियत
गुम जाती है इंसानियत
यही हाल होता है,
जब
कुंद पड़ जाता है
एक हिस्सा जीते जागते मनुष्य का
मस्तिष्क का
-मोहम्मद आसिफ

गुनहगार बच्चे Guilty Kids

गुनाहगार बच्चे

होते हैं 
बच्चे गुनहगार होते हैं
वो गुनहगार होते हैं क्योंकि 
वो मासूम होते हैं
उनका गुनाह है कि 
वे व्यापार के नियम नहीं समझते
उनकी भोली-भाली नज़र में
नहीं होता कोई दुश्मन
उनकी शीरी जुबाँ से
नहीं होती किसी की बुराई
उनका गुनाह है कि 
उनके खिलौने किसी का घर नहीं जलाते
यह भी उन्हीं गुनाह है कि
उन्हें अपने परिवार का
नाम मिला
धर्म मिला
ज़ात मिली
उनका गुनाह है कि वे
अपने माँ-बाप की आँखों के तारे हैं
अपनी बस्ती का गुरूर और
अपने मुल्क का मुस्तकबिल हैं
बहुत लम्बी है उनके गुनाहों की फेहरिस्त
एक गुनाह यह भी है कि 
वो किसी के खुदा के प्यारे हैं
उनका गुनाह है कि वो
मजहब
जात 
जुबाँ और 
मुल्क की सरहद को नहीं समझते
इन्हीं गुनाहों की सज़ा हम उन्हें देते हैं
निशाना बनाते हैं उनके स्कूलों 
और खेल के मैदानों को
उनकेे खिलौनों और किताबों को
क्योंकि हम समझदार हैं
हम जो कुछ करते हैं 
उसका अर्थ होता है
उससे अर्थ पैदा होता है
गलत हैं वो लोग जो बच्चों के मरने का गम करते
आँसू बहाते हैं, चीखते-चिल्लाते हैं
वो बेगुनाह होते तो क्यों
वो किसी की तलवार की प्यास बुझाते
किसी की तोप के निशाने पर आते 
होते हैं बच्चे गुनहगार
इन गुनहगारों को सज़ा देना
हमारा फर्ज है, कत्तर्व्य है, 
हमारा धर्म है और
हम ‘धर्म-परायण’ हैं

मैं और तुम

मैं आईना
तुम पत्थर
जितने टुकड़े मेरे 
उतने अक्स तुम्हारे

मैं सागर तट की रेत
तुम बालक अबोध समान
जितना रौंदों मुझको 
उतने चिह्न तुम्हारे

मैं घट का जल
तुम पनिहारी डगर की
जितना बाँटो मुझको
उतने बिम्ब तुम्हारे

मैं ढाप मृदंग की
तुम वादक की थाप 
जितने वार हों मुझपर
उतने सुर तुम्हारे

मैं ईंधन की लकड़ी
तुम अग्नि विकराल
जितनी खपत हो मेरी
उतने रूप तुम्हारे

इस्राईली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की भारत यात्रा का विरोध

भारत की छह कम्युनिस्ट पार्टियों का प्रदर्शन

15 जनवरी 2018, सोमवार
नई दिल्ली

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की भारत यात्रा का देश की छः कम्युनिस्ट पार्टियों ने जमकर विरोध किया। एस यू सी आई (कम्युनिस्ट), भाकपा, भाकपा (माले), माकपा, कम्युनिस्ट गदर पार्टी ऑफ इंडिया , आर. एस. पी. सहित ऑल इण्डिया पैलेस्टाइन सोलिडेरिटी आर्गेनाईजेशन ने इंडिया गेट के पास दिल्ली के शाहजहां रोड पर "नेतन्याहू वापस जाओ" के नारे लगाकर प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध व्यक्त किया। 

वक्ताओं ने इज़राइली प्रधानमंत्री के भारत आगमन के विरोध का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि किस तरह से इज़राइल लगातार फिलिस्तीनी ज़मीनों पर कब्ज़ा जमा रहा है और फिलिस्तीनी जनता पर  अत्याचार कर रहा है। माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य प्रकाश करात ने कहा कि भारत के साथ होने वाली सामरिक संधि से कमाए हुए पैसों का इस्तेमाल इज़राइल फिलिस्तीनी धरती का अतिक्रमण करने के लिए करेगा।

"हमने अभी तक करोड़ों रुपयों के हथियार इज़राइल से खरीदे हैं। इसी पैसे को इस्तेमाल करके इज़राइल सरकार फिलिस्तीनी जमीनों पर अपना कब्जा जमाए हुई है। इसलिए हम मांग करते हैं कि भारत सरकार इज़राइल सरकार के साथ किसी भी प्रकार का सैन्य और सुरक्षा का रिश्ता कायम न रखे। हमें उनसे हथियार नहीं खरीदने चाहिए।", प्रकाश करात ने कहा।
गांधी जी के हवाले से उन्होंने आगे कहा, "गांधी जी
शाहजहां रोड पर विरोध प्रदर्शन करते कम्युनिस्ट पार्टियों के नेता एवं कार्यकर्ता
ने कहा था कि फिलिस्तीनी जनता के  अधिकारों को छीन कर, उनको ग़ुलाम बनाकर इज़राइल कायम किया गया है।"

भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी. राजा  ने अपने भाषण में इज़राइल की नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि वे इज़राइल की सम्राज्यवादी नीतियों का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा, "इज़राइल संयुक्त राष्ट्र संघ की शांति संधि की पेशकश को स्वीकार करने से लगातार  इनकार कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने दो-राष्ट्र नामक समाधान पेश किया है। जहाँ फिलिस्तीन और इज़राल दोनों का सह अस्तित्व होगा। इज़राल भी रहेगा और फिलिस्तीन भी रहेगा। परंतु इज़राइल इसे स्वीकार नही करता है।  हम इज़राइल की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। इज़राइल लगातार फिलिस्तीनी धरती पर अनाधिकृत रूप से कब्ज़ा करता जा रहा है। इज़राइल लगातार फिलिस्तीनी जनता के खिलाफ युद्ध छेड़ता जा रहा है। फिलिस्तीनी जनता आज़ादी और एक आज़ाद मुल्क की स्थापना के लिए संघर्ष कर रही है। भारत एकमात्र पहला गैर-अरबी मुल्क है जिसने फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र देश की मान्यता दी है।"

इज़राइल-फिलिस्तीनी संकट पर अपनी बात रखते हुए एस.यू.सी.आई.(कम्युनिस्ट) के केन्द्रीय कमेटी सदस्य सत्यवान ने फिलिस्तीनी जनता का समर्थन किया और अमेरिका के येरूसलम को इज़राइल की राजधानी घोषित करने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा, "हम फिलिस्तीनी जनता के संघर्ष को जायज़ मानते हैं। हाल ही में अमेरिका के द्वारा येरूसलम को इज़राइल की राजधानी घोषित करना अन्यायपूर्ण है तथा अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ भी है।" उन्होंने आगे कहा, "भारत की परंपरा साम्राज्यवाद के खिलाफ रही है। भारत की जनता साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ी है। भारत ने अपनी आजादी खुद लड़कर हासिल की है। भारत दुनिया भर में शांति का पक्षधर रहा है। लेकिन मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री रहते हुए भारत की जनता का प्रतिनिधित्व नही कर रहे हैं बल्कि उंगलियों पर गिने जाने लायक कुछ बड़े पूंजीपतियों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।"

मुसीबत

वो आती है
हम घबरा जाते हैं
क्योंकि
नाउम्मीदी के पर्दों से
झाँकती है वो
और
हम सोचते हैं
कसमसाते हैं
पछताते है कि
तैयारी क्यों नही की
बैकअप प्लान क्यों नही बनाया
काश ऐसा करते,
काश ऐसा होता,
काश ऐसा हो जाये
इस बार यह टल जाए
फिर ऐसी गलती नहीं होगी
पूरी तरह तैयार रहेंगे
पहले से सोच कर चलेंगे
कुछ तो हल निकले
और वो टल गई
घबराहट चली गयी
हम फिर मस्त हो गए
हर्षोल्लास और उत्सव
सोचा कि अब सब
ठीक है
अब कुछ नहीं होगा
निर्धारित डगों पर
चलती रहेगी ज़िन्दगी
योजनाएं क्या होती है
भूल गए
बुरा क्या होता है
याद नहीं रहा
उम्मीदों भरा जीवन जीते हैं
फिर एक दिन अचानक से
दबे पाँव, बिन आवाज़ के
घात लगाए
हमारी लापरवाही
का फायदा उठाकर
दरवाज़े पर दस्तक करती है
हमनें खुशी से चहकते हुए पूछा
कौन
आवाज़ आयी
वही
जिसे तुम भूल बैठे थे
तुम्हारी अपनी
मुसीबत

भूतकाल से पत्राचार

प्रिय भूतकाल,

आशा करता हूँ कि तुम्हारी उम्र चाँद सितारों सी हो और तुम्हें उन्हीं के जैसा चमकने का सौभाग्य प्राप्त हो। यह बात और है कि इस कामना के पीछे मेरा निहित स्वार्थ मौजूद है। तुमने मुझे जीवन की अनेक स्मृतियाँ दी हैं। यह भी सत्य है कि तुम्हारी यात्रा जितनी ही लंबी होगी तुम मेरे लिये उतनी ही मात्रा में स्मृतियों का संयोजन करोगे। कहने की बात नही है पर जो कुछ भी तुम मुझे देते गए, हँसते-रोते, गाते-मुस्कुराते मैंने स्वीकार किया। तुमने मुझे बचपन दिया। बेफिक्री दी, दोस्त-यार दिए, सरल हृदय दिया और दी बड़े होने की चाहत। तुमने मुझे अलग-अलग रूपों में समय-समय पर छला है। मैंने जो भी माँगा वो तुमने समय निकल जाने के बाद दिया। बचपन में समय दिया पर समझ नही दी। जवानी में समझ दी पर समय नही दिया। जो दिया वो बचपन की यादें थीं और फिर से उस बचपन मे लौट जाने की नामुमकिन सी ख्वाहिश। तुम एक छलिया हो जिसने मुझे जीवन के हर पड़ाव की कीमत उसके अगले पड़ाव में समझाई। तुमने मुझे समझाने वाले तो दिए पर समझने वालों का अकाल रखा। शुभचिंतक और अहितकारियों की भीड़ में मेरे साथ धक्का-मुक्की हुई। कहीं किसी ने संभालने की कोशिश की तो मेरा अहंकार मेरे सामने आ गया और कहीं किसी ने लूटा तो मेरा भोलापन सामने आ गया। एक पश्चयताप ही था जो दोनों अवस्थाओं में एक ही तरह से प्रकट हुआ। जो कभी अकेला नही आया। अपने साथ लाया दुःख, अकेलापन, निराशा, दुराशा और अविश्वास। कहीं किसी को मैंने अपना समझा तो वो पराया निकला।

मुझे सुख की भी अनुभूति हुई परंतु यह मात्र उस मरीचिका के समान थी जैसी मरुस्थल में किसी प्यासे को होती है। जिसे मैं सुख समझता था वह मेरी इन्द्रियों की क्षणिक तृप्ति मात्र थी। मेरे अन्तर्मन में सदा एक बेकली रही। प्रेम एक ऐसा प्रसंग रहा जिसकी परिभाषा व्यक्ति,वस्तु, स्थान और काल के आधार पर लगातार बदलती रही। मेरे भूतकाल मैं तुमसे शिकायत नहीं कर रहा हूँ बल्कि यह बताने का प्रयास कर रहा हूँ कि तुम्हारी शिक्षाओं ने मुझे अनुभव दिया।  मैं तुमसे कहना चाहता हूँ कि मुझे आज भी मेरे और तुम्हारे बीच के इस रिश्ते का नामकरण करने का अवसर प्राप्त नही हुआ है। मैंने कभी इस बारे में अगर सोचा भी तो मैं कभी समझ नही पाया कि मैं इस रिश्ते को आखिर क्या नाम दूँ क्योंकि तुम और मैं जितना आगे बढ़ते गए हमारा फासला उतना ही बढ़ता चला गया। 

तुमने मुझे जवानी और जोश दिया। पहाड़ों को हिला देने का साहस और हवाओं का रुख बदलने की शक्ति भी दी। पर साथ में दिया अहंकार। अहंकार कि मुझसे बलशाली कोई नहीं। भ्रम दिया कि मैं जीवन भर सदैव उतना ही बलशाली रहूँगा जितना अपने यौवनकाल में था, कि जीवन अकेले भी जिया जा सकता है। तुमने मुझे बुद्धि दी और अनिष्टकारी संतुष्टि दी कि मुझसे बड़ा कोई विद्वान नहीं, कि जो कुछ मैं सोचता हूँ वही सही है। मैं गलत हो ही नही सकता। पर अफसोस मैं ही गलत था। काश इस सब के साथ तुमने मुझे समझाया होता कि सहयोग और धैर्य भी जीवन की नाव की पतवार होते हैं तो तूफानों से जूझना आसान होता। निर्माण करना आसान होता और जीवन के अंतिम पड़ाव पर मैं अकेला नही होता। मैं भूल गया था कि व्यक्ति भले ही कितना भी बलशाली हो वह एक दिन कमज़ोर हो ही जाता है। उसका अहंकार टूट जाता है। रह-रह कर हर वाक्य के पहले जो शब्द आता है वह 'काश' होता है। 'काश मैंने औरों की भी बात सुनी होती', 'काश, मैंने अपने गुस्से पर काबू पाया होता', 'मैंने जाना होता कि दूसरों के पास भी बुद्धि है' और 'काश, मुझे कभी काश न कहना पड़ता'।

मैं यह भी जनता हूँ कि मेरे जैसा मैं अकेला नहीं हूँ फिर भी मैं अकेला ही हूँ। मेरे जैसा मैं पहला नहीं हूँ लेकिन आखिरी भी नहीं हूँ।

तुम्हारा भुक्तभोगी

सरहदें लांघती ज़िन्दगी : रोहिंग्या

         इस आधुनिक युग में भी कोई बस्ती ढूँढ़ना इतना मुश्किल होगा इसका हमें तब एहसास हुआ जब बर्मा से आये हुए मुसलमानों की बस्ती ढूँढ़ने हम लोग जामिया से निकल कर शाहीन बाग़ पहुँचे और वहाँ से एक किलोमीटर चल कर किसी वक़्त के खाली पड़े मैदान में बसी बस्ती में पहुँचे।इस सब में हमें तकरीबन दो घंटे लग गए। 
          बस्ती शुरू होने से पहले ही छोटी छोटी दुकानें मिली| हम बस्ती की तरफ बढे तो किसी ने बताया कि यहाँ सिर्फ बर्मी लोग ही नहीं रहते हैं| पूछने पर पता चला कि इस बस्ती में भारत के पूर्वी राज्यों से आए हुए लोग भी रहते हैं| बस्ती में घुसते ही हमें जहाँ-तहां कचरे के ढेर से निकाली हुई प्लास्टिक के कबाड़ के ढेर दिखाई दिए| आगे बढ़े तो रास्ते के दोनों ओर झुग्गियों की कतारें थीं| एकदम अस्त-व्यस्त झुग्गियां जिनको देखने से लगता ही न था कि उनमे मनुष्य भी विचर सकते हैं| एक दो नुक्कड़ पर छोटी-छोटी दुकाने थीं जिन पर बच्चों के खाने के फनपोप्स, चिप्स आदि चीज़ों के पैकेट की लड़ियाँ लटक रही थीं| जीवन अपने साथ अनेक आशाएं लेकर आता है| यह लड़ियाँ उन्हीं आशाओं का प्रतीक थीं| हमने तकरीबन 50 झुग्गियों को पार कर लिया था| फिर भी हमें बर्मी मुसलमानों की बस्तियां नहीं मिली थीं| चरों तरफ एक अजीब सा वातावरण था| एक वीराने से इलाके में भारत के अलग-अलग राज्यों से आये हुए लोगों ने बस्ती बसाई हुई थी| ये लोग यहाँ नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं| कुछ कुछ जगहों पर हमने हैंडपंप देखे| दिल्ली में हैंडपंपों पर लाल रंग कर दिया जाता है| इन हैंडपंपों पर भी सरकर ने लाल रंग किया हुआ है| इसका मतलब यह है कि इन नलों का पानी पीने योग्य नहीं है| फिर भी ये सभी लोग इस पानी को पीने को मजबूर हैं| हम आगे चले तो हमें एक मस्जिद और एक मंदिर आमने सामने बने हए दिखयी दिए| मानो कह रहे हों कि जब हम नहीं लड़ रहे तो तुम क्यों लड़ते हो या शायद ग़रीब बस्ती में मंदिर और मस्जिद को अपने लिए जगह बनाने के लिए लड़ने की ज़रूरत नहीं पड़ती है| एक दुकान पर रूककर हमें फिर से पूछना पड़ा कि बर्मा मुस्लमान कितनी दूर रहते हैं| जिस तरह से भारतीय गावों के ढाँचे के अनुसार दलित लोग गाँव के बाहरी हिस्से में रहते हैं उसी प्रकार बर्मा से आए हुए ये मुसलमान इस बस्ती के एकदम अंत में रहते हैं| हम बस्ती के आखिरी रास्ते पर पहुँच चुके थे| इसके आगे एक मामूली सा दलदली इलाका था| कुछ झाड़-झंखाड़ भी थे| उसी दलदल से लग कर आदमी को कमर तक ढँक लेने वाली दो-चार लेट्रीने बनी हुई थीं| शायद बस्ती का सारा मलदान उसी जगह पर होता था| हमने देखा कि रास्ता बस्ती से ऊँचा था|
          “बस्ती रास्ते से कितनी नीचे है?”, मैंने अपने साथी से आश्चर्यचकित होकर पूछा| एकपरिवार के व्यस्क व्यक्ति को देखकर मैंने पूछा, “आप रोहिंग्या हैं क्या?”
          “नहीं”, उसने पलटकर जवाब दिया| आगे बताते हुए उसने कहा, “आप यहाँ से नीचे उतर जाओ तो उनके कुछ परिवार मिल जाएंगे|”
“आप कहाँ से हैं?”, मैंने पूछा| 
“हम असम से हैं|”
“यहाँ कब और क्यूँ आना पड़ा?”
“हम यहाँ 2012 में आए थे| कोकराझार के दंगों में जान बचाकर भाग आये थे|”
“ओह! माफ़ करना|”, इतना कहकर हम आगे निकल गए|
हम रास्ते से नीचे उतरे तो हमने देखा कि रास्ता लगभग हमारे सर के ऊपर तक पहुँच गया था| मैं सोच में पड़ गया कि बरसात का पानी कहाँ जाता होगा?
एक आदमी को देखकर हम रुक गये “क्या नाम है आपका?”, मैंने पुछा|
“रफीक अहमद”, उसने बताया|
“कहाँ से हैं आप?”, हमने पूछा
--हम लोग बर्मा से हैं|
--कब आये?
--2012 में|
--कौन-कौन आया था|
--मैं अकेला ही आया था|
--परिवार के बाकी लोग कहाँ हैं?
--शादी से पहले का परिवार नहीं पता कहाँ हैं| यहीं आकर शादी किया| 
यह बड़े आश्चर्य की बात है कि इन लोगों ने अपनी ज़रूरत के लायक हिंदी बोलनी सीख ली थी| जब हमने किसी और से भी बात करने का आग्रह किया तो उन्होंने हमें उनके आफिस जाने का सुझाव दिया| रफीक से पूछने पर उसने बताया कि बर्मा में मुसलमानों को मारा जा रहा है इसलिए वे यहाँ चले आये| हालाकिं उन्हें नहीं पता कि उन्हें सिर्फ इसलिए क्यूँ मारा जा रहा है कि वे मुसलमान हैं| उनके पढ़े लिखे लोगों तथा नेताओं को पहले ही ले जाकर गायब कर दिया जाता था| उनकी ओर से कोई नहीं है अब जो बोल सके| यह पूछने पर कि म्यामां नेता आंग सां सू की उनकी मदद कर रही है कि नहीं तो रफीक ने बताया कि सू की सेना की मददगार है और इस क़त्ले आम को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही हैं| मार्च 2016 में म्यामन में लोकतान्त्रिक सर्कार गठित हुई तो सू ची ने सेना के साथ सत्ता को साझा करने की बात कही थी, जिसका अर्थ यह था की सुरक्षा से जुड़े सभी मंत्रालयों पर सेना का नियन्त्रण होगा, अर्थात म्यामा की सेना के जनरल गृह, सीमा और रक्षा मामलों से जुड़े मंत्रालयों की बागडोर सभालेंगे| इससे स्पष्ट है की म्यामां में सेना अप्रत्यक्ष रूप से सत्ता में भागीदार बनी हुई है|[i] हालांकि आंग सां सू की ने कहा कि सफाए का कोई अभियान नहीं चलाया गया है|[ii]
हम सब आगे बढ़े तो देखा कुछ बच्चे खेल रहे थे| हमने पूछा कि यहाँ किसके साथ आये हो तो उसने बताया कि वो अपनी माँ के साथ दो साल पहले लाया था| लेकिन उसको नहीं पता कि उसका बाप कहाँ है| एक माँ अपने शौहर के बिना, अपने बिन बाप के बच्चे को एक गैर मुल्क लेकर तभी आ सकती है जब सुहागन होने से जिंदा होना ज्यादा ज़रूरी हो जाये| हमने एक-दो झुग्गियों में झाँक कर देखा तो पता चला कि चार गुणा चार की झुग्गी है और उसी अँधेरी बदबूदार कोठरी में ये जीने मरने पर मजबूर हैं| इस बस्ती में रहने वाले भारतीयों और इन बर्मी लोगों में यही समानता है कि इन दोनों देशों के नागरिकों के पलायन का कारण नस्लीय हिंसा है| फर्क सिर्फ इतना है कि भारतीय मूल के लोगों ने अपने राज्यों की सरहदें लांघी हैं फिर भी अपने देश की ज़मीन पर है, अपनी मिट्टी के साथ जुड़े हुए हैं| उन्हें कोई गैर-मुल्की या शरणार्थी नहीं कहेगा| जबकि रोहिंग्या अपने देश और मिट्टी से दूर दो देशों की सरहदें लांघ कर आए हैं| हालाँकि उनकी इस देश में भी रहना दुश्वार है| हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में गृह मंत्रालय में जारी हलफनामे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “गैर कानूनी तरीके से भारत आये म्यामां के रोहिंग्या समुदाय के लोगों को वापस भेजने के मामले में सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रख दिया है और अब इस मामले में अदालत के फैसले का इंतज़ार है|”[iii] 
यहाँ कोई किसी से आसानी से बात करने को तैयार नहीं हैं| सिवाय रफीक के हर किसी ने हमें कार्यालय की ओर जाने का इशारा कर दिया| आफिस या कार्यालय कहने से हमरे दिमाग में जो छवि बनती है वह टूटनी तय थी| हमने देखा कि जिसे ये लोग अपना कार्यालय कहते हैं वह सिर्फ बांस से बनायीं हुई एक और झोंपड़ी है जिसमे दो-चार स्टूडेंट चेयर और एक लकड़ी की मेज़ पड़ी थी| इस कार्यालय में हम मोहम्मद सिराजुल्लाह से मिले| सिराजुल्लाह एक 22-23 साल का पढ़ा-लिखा नौजवान है| औपचारिक परिचय के बाद मैंने पूछा, “आप यहाँ किसके साथ आये थे?” 
“मैं अकेला ही आया था|”, सिराज ने बताया। 
सिराज से बात कर के पता चला कि जितने भी लोग यहाँ रह रहे हैं उन्हें पता ही नहीं है कि उनके परिवार के बाकी सदस्य कहाँ हैं और किस हालत में हैं| ज़्यादातर परिवार यहाँ वर्ष 2012 में बांग्लादेश की सरहद पार कर के भारत की सीमा में आये| यहाँ भी ये लोग बहुत अच्छी हालत में नहीं हैं| “यहां कोई आपकी तरह किसी से बात करने को तैयार क्यों नहीं है?”, मैंने अपनी जिज्ञासा सिराज के सामने राखी|
उसके बाद जो उसने मुझे बताया वो होश उडा देने वाला था, “हमारे दो अपंग साथियों को बहला फुसला कर उनकी फोटो लेकर अखबार में यह लिखकर छाप दी थी कि इन आतंकवादियों को भारत सरकार को तलाश है|” क्या हमारे बीच किसी भी पेशे में कोई भी नैतिकता बाकी बची हुई है? इस घटना के कौन किस पर भरोसा कर सकता है? जिस जगह ये अपनी जान बचने के लिए शरण ले रहे हैं अगर वहीँ पर इस तरह के षड्यंत्र रचे जाएंगे तो इससे बेहतर है कि ये लोग अपने देश में ही मारे जायें| कम अज कम परायी धरती पर मरने का बोझ तो सीने पर लेकर नहीं मरना पड़ेगा|
“आप लोगों को यहाँ कोई तकलीफ तो नहीं हैं? कोई आपको यहाँ तंग तो नहीं करता है?”, मैंने जानना चाहा|
“नहीं, हम यहाँ रहने का किराया देते हैं| बिजली का बिल भी देते हैं|”, सिराजुल्लाह ने जवाब दिया|
“किराया?”, मैंने हैरत से पूछा, “किसको देते हो किराया?”
“ज़मीन के मालिक को”, उसने जवाब दिया|
इस ज़मीन का भी कोई मालिक है? मैंने हैरत से मन में सोचा की बेकार पड़ी ज़मीन जिस पर कुछ पैदा नहीं किया जा सकता| ऐसी लोकेशन जहाँ कुछ बनाया जाये तो टिके भी न| उस ज़मीन का भी कोई मालिक हो सकता है और कोई इस हद तक मुनीम-दिमाग हो सकता है कि इन मजबूर आत्माओं से भी उगाही कर सकता है|
“गुज़ारा करने के लिए ये लोग आस पास के इलाके में मजदूरी करते हैं| कुछ लोग ऑटो भी चला लेते हैं जिससे उनका कुछ खर्च चल जाता है|”, सिराज ने बताया| उसकी बात सुनकर लगा जैसे ज़िन्दगी जीने की ललक आदमी से किसी भी देश और अवस्था में काम करवा ही लेती है। 
राजनैतिक उथल-पुथल और भारत में रोहिन्ग्या मुसलमानों के डेरे पर गृह मंत्रालय के विचारों को साझा करते हुए हमने पूछा  “आपको भारत से क्या चाहिए?”
“हमें कुछ नहीं चाहिए|  हम यहाँ किसी का हक लेने नहीं आये हैं| हम यहाँ तभी तक रहना चाहते हैं जब तक कि हमारे मुल्क में अमन नहीं कायम नहीं हो जाता है| जिस दिन मेरे मुल्क में अमन कायम हो जायेगा उस दिन मुझे दूसरा सेकंड नहीं लगेगा अपने मुल्क वापस लौटने का फैसला लेने के लिए|”, सिराज ने अपना पक्ष स्पष्ट किया|
उसने बताया कि यहाँ हर आदमी यही दुआ करता है कि जब वो मरे तो अपने वतन की मिट्टी में ही दफ़न किया जाए| इस दुनिया में बेवतन होने से बड़ी कोई सजा नहीं है| दूसरे मुल्क में आज़ाद फिज़ाएं भी परायी लगती हैं| हवाएं भी सलाखों सी चुभती हैं और अपने मुल्क लौटने की टीस जिंदा लोगों को भी मुर्दा बना देती हैं|
म्यांमार की सैन्य सरकार ने 1982 के नागरिकता कानून के अंतर्गत रोहिंग्या को अपने नागरिक माना ही नहीं| फिर इनके सारे नागरिक अधिकार छीन लिए गए| इन लोगों के शिक्षा हासिल करने, यात्रा करने, अपने धर्म का अनुसरण करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने पर लगातार पाबंदी लगायी गयी है| इससे ये लोग बंधुआ मज़दूरों की भान्ति जीवन जीने को विवश हैं|[iv] इस विषय पर बात करते हुए सिराज ने कहा, “मैं यहाँ आकर समझा कि आज़ादी क्या चीज़ होती है| मैं अपने देश में भी इसी प्रकार से आज़ाद रहकर जीना चाहता हूँ|”
 अपने मुल्क वापस लौटने की आस लिए ये बर्मी मुसलमान भारत में शरणार्थियों का जीवन जी रहे हैं जबकि सिराज जैसे अनेक रोहिंग्या मुसलमान अपने मुल्क में बहुत बड़ी संपत्ति के मालिक हैं| परन्तु नागरिक अधिकार न होने के कारण और नस्लीय हिंसा ने उन्हें जानवरों जैसा जीवन व्यतीत करने पर मजबूर कर दिया है| जिस तरह सरहदें लांघकर कर शरीर और मन पर अनगिनत घाव लिए वे अपने मुल्क से भारत आये थे उसी तरह के घाव वे अपने पीढ़ियों को नहीं देना चाहते हैं| इसी प्रयास में रोहिंग्या मुसलमानों ने यहाँ अपना खुद का एक स्कूल खोला है जिसे ‘गुंचा’ नाम की एक गैर सरकारी संस्था चलाने में मदद करती है|
इस दुनिया में सभी को जीने का अधिकार है| यह अधिकार कोई किसी से छीन सकता है| इस अधिकार में बाधा डालने वाले न केवल किसी एक इन्सान के अपराधी होते हैं बल्कि समूची मानवता के अपराधी होते हैं| रोहिंग्या मुसलमानों के साथ होने वाला नरसंहार मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है| ऐसी घटनाओं को मुंहतोड़ जवाब देने का एक ही रास्ता है और वो है इंसानियत के रास्ते पर चलकर ऐसे लाचार पीड़ितों को सहारा देना न कि क़ानूनी जुगाली करना| इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं इसलिए सब कुछ छोड़कर बची-खुची इंसानियत को बचाना हमारा परम कर्त्तव्य है|


सन्दर्भ


[i] अनीता वर्मा, अपने ही आँगन में पराए, जनसत्ता, नई दिल्ली, 13 सितम्बर 2017, प्रष्ठ संख्या 6
[ii] जनसत्ता ब्यूरो जनसत्ता, नई दिल्ली, 19 सितम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 1 और 8
[iii] जनसत्ता ब्यूरो, जनसत्ता, नई दिल्ली, 19 सितम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 1
[iv]अनीता वर्मा, अपने ही आँगन में पराए, जनसत्ता, नई दिल्ली, 13 सितम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 6

विश्वास

धरती पर स्वर्ग इक ऐसा होगा
न कोई राजा न कोई रंक होगा

मानुष हों जहां भोले भाले
धन संचय को बैर न पालें

नीलाम जब न ज़िन्दगियाँ होंगी
न मंडी में खड़ी जवानी होगी

न दबेंगी सिसकियाँ खिलौनों की चाह में
सिक्कों की मोहताज न खुशियां होंगी

भूख से बच्चा न कोई रोता होगा
भीख के लिए न कोई बूढ़ा होगा

न होगी कोई खाई यहाँ जब
सबका सब कुछ अपना होगा

संसार नया जब गढ़ना होगा
सबको आगे बढ़ना होगा

लुका-छिपी

आज फिर कहीं बाज़ार सजा होगा 
तमन्नाओं का अम्बार लगा होगा 

कहीं तो कोई बेचता होगा खून रगों का 
और कहीं खरीदारों का हुजूम लगा होगा 

कहीं हसीं इश्क़ की महफ़िल होगी 
कहीं कीचड़ का व्यौपार सजा होगा 

गुमनाम हैं जो उसकी याद में 
कहीं ईमान का मज़ार सजा होगा 

सच की तलाश में भटकते हैं लोग 
झूठ की चकाचौंध में कहीं छिप गया होगा 

किसी ने बेची होंगी मजबूरियां अपनी 
किसी की खुशियों का सौदा हुआ होगा 

दीपावली के दीपों से जगमग जामिया

12 अक्टूबर 2017
Mohd. Aasif, जा. मि. इ.

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गुलिस्ताने ग़ालिब में दिनांक 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से  दीपावली के अवसर पर ग़ैर राजनैतिक संगठन युवा ने दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम लेकर दीपावली समारोह का आयोजन किया। जामिया में पहली बार दीपावली के समारोह का आयोजन हुआ है। दीपावली के इस अवसर पर 'युवा' की कन्वेनर आकांक्षा राय कहती हैं, "दीपावली भारत का सबसे बड़ा त्योहार है। दीपावली दीयों का त्यौहार है इसलिए हमने दीप जलाकर दीपावली मनाने का फैसला लिया है।"

कार्यक्रम की कुछ झलकियाँ
दीपावली के मौके पर पटाखे की बिक्री और पटाखे चलाने पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए आकांक्षा ने कहा, "युवा सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करता है और जो लोग इस फैसले को किसी धर्म विशेष पर हमले के रूप में देखते हैं उन्हें जजमेन्ट को पूरी तरह से पढ़ना चाहिए। साथ ही उन्हें समझना चाहिए कि प्रदूषण से सभी को नुकसान पहुंचता है।" पटाखे जलाने के परिणामों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, "पिछले साल दीपावली के तुरंत बाद स्कूलों को कुछ दिनों के लिए बंद करना पड़ा था। प्रदूषण की समस्या को युवा पिढ़ी को ही बेहतर ढंग से समझना होगा और इसके निवारण पर काम करना होगा।" दीपावली के अवसर पर युवा का संदेश है कि त्यौहार को मिट्टी के दिए जलाकर ही मनाएं।

"दीया प्रकाश का प्रतीक होता है और प्रकाश सबके लिए होता है। प्रकाश धर्म नहीं देखता वो सबको रौशनी देता है और दीपावली रोशनी का त्यौहार है इसलिए इस दिन पटाख़े न चलायें। प्लास्टिक की लड़ियों की जगह मिट्टी के दीयों से अपने घरों को रोशन करें।", आकांक्षा ने अपील की। गौरतलब हो कि 10 अक्टूबर को जामिया में दीपावली के अवसर पर रंगोली बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के अंत में रंगोली प्रतियोगिता में विजयी टीमों के सदस्यों को पुरस्कृत किया गया। 

छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी। सोशियोलॉजी, हिंदी, इंग्लिश, लॉ, इतिहास आदि विभागों में दीपक प्रज्वलित करके जामिया को रोशन किया। मिठाई का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुवात में एक सभा का आयोजन किया गया जिसमें धार्मिक सौहार्द पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन संगठन के सदस्य जतिन जैन ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के छात्रों ने भाग लिया। इस मौके पर सोशियोलॉजी विभाग के तालिब अख्तर ने फ़िराक गोरखपुरी की 'नयी हुई रस्म पुरानी दिवाली के दीप जले' शीर्षक से ग़ज़ल कही।



Photo Credit: Shishir Agrawal, Mass Media Hindi, JMI

नज़र

हर जगह खून के धब्बे नज़र आते हैं 
यहाँ रक्षक भी मुझे भक्षक नज़र आते हैं 

ये खादी नहीं गरीबों का कफ़न है दोस्तों 
ये रहनुमाँ भी मुझे दुश्मन नज़र आते हैं 

कैसे आख़िर मुआफ़ करूँ इन्हें यारों 
ये काबिल मुझे क़ातिल नज़र आते हैं 

क्यों करूँ दुआ कैसे फ़रियाद 
ये देवता मुझे पत्थर नज़र आते हैं 

मुश्किल है यकीं करना क्योंकि  
ये भेड़ें मुझे भेड़िये नज़र आते हैं 

हिदायत

दीवार पर कुछ न लिखें, ये इबारत लिख दी
इस हिदायत ने उनकी उसे खराब कर दिया

कृपया शांति बनाए रखें, चीखकर बोले वो
कोशिश ने खामोशी को दरकिनार कर दिया

किसी से कहना नहीं, कुछ यूँ  फुसफुसाये
इसी बात ने हमें उनका हमराज़ कर दिया

वाह क्या बात है, क्या बात है, झूम उठे वो
इस वाहवाही ने फिर हमें  हैरान कर दिया

कैसे हैं आप? हमने यह सवाल कर लिया
खामोश रहे और  हमें खबरदार कर दिया

सच कह रहा हूँ, फिर से ज़ोर देकर बोले यूँ 
हमने भी हर फसाने पर ऐतबार कर लिया

और सुनाओ कुछ नया कहो, पूछते हैं वो
उनकी पूछताछ ने हमें शायराना कर दिया

उफ्फ! क्या करते हो? कुछ ढंग का किया करो
नसीहतों ने ही ज़माने की हमें नाकारा कर दिया

चलो चलें, कहीं बहुत दूर चलें, खयाल आया
ख्वाहिशों ने हमें थोड़ा मुसाफ़िराना कर दिया

स्थान

जिसकी  जो जगह उसको वहीं पे रहने दो 
आग को चूल्हों और चिराग़ों में ही रहने दो 

रोटियाँ सेंकने को तो तंदूर बहुत हैं 
घोंसलों को टहनियों ही पे रहने दो 

होती है ख़ाक हर शय जब जलती है 
ठंडा है आहन इसे ठंडा ही रहने दो 

ताड़ तिल का बनाना तो बड़ी बात नहीं 
किस्सा न बनाओ इसे मामूली ही रहने दो 

भूल चुका हूँ जिसे न दोहराओ वो बात 
मोहरा न बनाओ मुझे इंसां ही रहने दो 

ख़बर

एक शाम जेंडर स्वतंत्रता के नाम

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में कवि सम्मलेन का आयोजन


21  सितम्बर 2017, जा. मि. इ.
मोहम्मद आसिफ 

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के हिंदी विभाग और स्त्रीकाल पत्रिका के सामूहिक प्रयास से 19 सितम्बर, 2017 की शाम को एक कवि सम्मलेन का आयोजन संसथान के दायर-ए-मीर तौक़ी मीर ईमारत के मेरे अनीस हाल में किया गया। प्रख्यात कथाकार एवं कवि उदय प्रकाश  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। जेंडर स्वतंत्रता को लेकर साइकिल यात्रा पर निकले हुए स्त्री विमर्शकर्ता राकेश  कुमार सिंह विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम  की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. हेमलता महिश्वर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत उदय प्रकाश की 'औरतें' शीर्षक कविता पर आधारित बनी लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुई। इसके प्रोडूसर विकास डोगरा हैं  इसमें अदाकार इरफ़ान ने अपनी आवाज़ दी है। 

अध्यक्षीय भाषण देते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. हेमलता महिश्वर ने नयी पीढ़ी के कवियों और कवयित्रिओं का प्रोत्साहन किया। उन्होंने कहा, "एक नयी फ़ौज तैयार हो रही है। जो इस पथ पर आगे चलेगी।" प्रो. महिश्वर ने अपनी कविता 'विद्रोह' का पाठ कर के अपनी बात समाप्त की।

कवि सम्मलेन में प्रतिष्ठित कवियों के साथ-साथ जामिया के उभरते हुए कवियों ने भी अपनी कवितायेँ प्रस्तुत कीं। जामिया के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्धित अध्यापकों एवं छात्रों ने कविता पाठ किया। कवि एवं कवियित्रिओं ने अपनी कविताओं  के माध्यम से स्त्री-उत्पीड़न के सभी पहलुओं पर प्रकाश डाला जिनमे कन्या भ्रूण हत्या, बलात्कार, दहेज़ हत्या, बालिका यौन शोषण आदि प्रमुख थे। एक कवियित्री ने 'द वुमन' शीर्षक कविता का अंग्रेजी पाठ किया।
(बायीं से दायीं  ओर) मुख्य अतिथि उदय प्रकाश, अध्यक्ष प्रो. हेमलता महिश्वर एवं राकेश कुमार सिंह  
मुख्य अतिथि ने सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कहा, "मुझे खड़ी बोली के कवि अमीर खुसरो की कविताओं से आगे निकलकर आज के जेंडर यात्रा के युग में बहुत फर्क नज़र  आता है। खुसरो के आँगन की चिड़िया और गैया आज के युग में विद्रोही बन गयी है।" उन्होंने अपनी बात एक कविता से समाप्त की, "आदमी मरने के बाद कुछ नहीं बोलता, कुछ  नहीं सोचता। कुछ नहीं सोचने,  कुछ नहीं बोलने पर आदमी मर जाता है।"
राकेश कुमार सिंह ने अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैं अपनी यात्रा में इसी प्रश्न का उत्तर ढूंढ़ रहा हूँ कि कौन है जिसने जेंडर की उत्पत्ति की और  इसे भेदभाव का कारण बना दिया। क्या कारण है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद हमें 'बेटी बचाओ' का नारा देना पड़ता है। वो कौन हैं जिनसे हमें अपनी बेटियों को बचाना है।" 
कवि सम्मलेन में एक समय ऐसा भी आया जब कवियित्री नितिशा खालको की 'क्या सवाल और कलम भी कभी चुप होंगे' शीर्षक  कविता ने पूरे माहौल को भाव-विभोर कर दिया। सभी श्रोताओं ने उनका खड़े होकर ताली बजाते हुए अभिवादन किया। कार्यक्रम का संचालन स्त्रीकाल के अरुण कुमार ने किया। कार्यक्रम के समापन स्त्रीकाल के संजीव कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

स्वच्छता पखवाड़ा

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने दिया स्वच्छता का सन्देश 

विभिन्न प्रतियोगिताओं का किया गया आयोजन 


यूँ तो

यूँ तो अँधेरा पहले भी हुआ करता था 
पर उम्मीद की किरण फिर भी दिखा करती थी 

यूँ तो झगड़े पहले भी हुआ करते थे 
पर आपसी प्यार नहीं मारा करता था 

यूँ तो भूख पहले भी हुआ करती थी 
पर इंसान जानवर नहीं बना करता था 

यूँ तो मौतें पहले भी हुआ करती थीं 
पर ज़मीर नहीं मारा करता था 

पतझड़ पहले भी आया करता था 
पर सावन नहीं मारा करता था 

बसंत पहले भी रूठ जाया  करता था
पर कोयल की कूक नहीं मरा करती थी 

इमारतें पहले भी गिरा करती थीं 
पर आशियानें नहीं टूटा करते थे 

ख़बर

जामिया के हिंदी विभाग ने मनाया हिंदी दिवस

हिंदी के प्रोत्साहन के लिए किया गया प्रतियोगिताओं का आयोजन